Wednesday , 30 September 2026

33 के वि सोलर लाइन का विरोध : किसान सभा आक्रोश में

कुचामन सिटी (29 सितंबर 2026) – बूंटीनाथपुरा से कालोली GSS तक खींची जा रही सोलर 33 KV लाइन को लेकर किसानों में भारी रोष है। आरोप है कि राजकीय नियमों के विपरीत प्रशासन और पुलिस के बल पर जबरन लाइन खींची जा रही है।ग्रामीणों के अनुसार भवानीपुरा, बूंटीनाथपुरा और कालोली के करीब 15 काश्तकारों के खेतों से यह लाइन गुजारी जा रही है। सड़क पर ही खंभे रोपे जा रहे हैं। बार-बार प्रशासन और ठेकेदार को अवगत कराने के बाद भी गलत जगह खंभे लगाए जा रहे हैं।

अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले आंदोलन
इसके विरोध में ग्रामीण अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले 25-09-2026 से मौके पर बेमियादी धरने पर बैठ गए हैं। चेतावनी दी गई है कि 30-09-2026 से क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। धरने में किसान सभा के कानाराम बिजारणिया, हुडील, हरदेवाराम आनन्द शिव सहित ग्राम कमेटियों के लोग समर्थन में जुटे हैं।

किसानों के गंभीर आरोप:

  1. लाइन के नीचे आ रहे किसानों के हरे पेड़ काट दिए गए, मुआवजा नहीं मिला। मंदिर भूमि का पेड़ काटकर 15,000 रुपये तय हुए, भुगतान बाकी। उम्मेद कंवर के घर की खेजड़ी काटकर 20,000 रुपये तय हुए, वादा पूरा नहीं हुआ।
  2. पेयजल पाइपलाइन तोड़ दी गई, अभी भी पानी का रिसाव जारी है।
  3. खंभों के लिए जगह-जगह गड्ढे खोदकर सड़क पर मिट्टी डाल दी, डामर सड़क तोड़ दी गई। फिजूल खोदे गए गड्ढे अभी तक भरे नहीं गए।
  4. कालोली चावंडिया के राजकीय स्कूल के मैदान में लाइन जमीन के अंदर डालने का वादा था, लेकिन ठेकेदार ने मैदान के ऊपर और स्कूल के सामने से तार खींच दिए।
  5. बूंटीनाथपुरा में आस्था के प्रतीक शिव मंदिर के ऊपर से तार खींच दिए गए। विरोध करने पर तहसीलदार (कुचामन सिटी) ने पुलिस से थाने में डालने की धमकी दिलवाई, बाद में लाइन मंदिर के ऊपर से ही ले जाई गई।
  6. किसान सीताराम सिंह व मगन सिंह के खेत में तार जमीन से बहुत कम ऊंचाई पर हैं। तहसीलदार ने मौके पर ऊंचाई बढ़ाने का वादा किया था, जो पूरा नहीं हुआ।

ग्रामीणों की मांग है कि नियमों के अनुसार सर्वे कर लाइन को सही जगह से निकाला जाए, काटे गए पेड़ों व टूटी पाइपलाइन का पूरा मुआवजा दिया जाए और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई हो।

About Manoj Bhardwaj

Manoj Bhardwaj
मनोज भारद्धाज एक स्वतंत्र पत्रकार है ,जो समाचार, राजनीति, और विचार-शील लेखन के क्षेत्र में काम कर रहे है । इनका उद्देश्य समाज को जागरूक करना है और उन्हें उत्कृष्टता, सत्य, और न्याय के साथ जोड़ना है। इनकी विशेषज्ञता समाचार और राजनीति के क्षेत्र में है |

Check Also

नवनिर्वाचित परिषद सदस्यों का भव्य स्वागत

नवनिर्वाचित नगर परिषद के सभापति और सदस्यों के स्वागत का दौर चल रहा है। इसी …