
डीडवाना–कुचामन जिले के फूड सेफ्टी विभाग द्वारा आज पीएम श्री जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुचामन सिटी में विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फूड सेफ्टी अधिकारी एवं विशेषज्ञों द्वारा छात्रों को सुरक्षित और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों (धर्मेंद्र नेहरा, ओम प्रकाश बिडियासर , सुरेंद्र डूडी व इरशाद खान )ने बताया कि विद्यार्थियों को जंक फूड, फास्ट फूड जैसे पिज़्ज़ा, बर्गर, मैगी आदि का कम से कम उपयोग करना चाहिए तथा संभव हो तो इनसे परहेज करना चाहिए। इसके स्थान पर मौसमी फल, दूध, छाछ और देशी मोटे अनाज को अपने आहार में अधिक शामिल करना चाहिए।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि बाजार से लाए गए फल एवं सब्जियों को कम से कम आधे घंटे तक गुनगुने पानी में भिगोकर रखें तथा उसमें थोड़ा नमक या मीठा सोडा मिलाकर अच्छी तरह धोने के बाद ही उपयोग में लें। खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें और निकट भविष्य में समाप्त होने वाली वस्तुओं को खरीदने से बचें।कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यदि कहीं मिलावट की आशंका हो तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 181 पर देकर संबंधित विभाग को अवगत कराएं, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. भंवरलाल गुगड़ ने अपनी प्रेरणादायक कविता “पहला सुख निरोगी काया चाहते हो, तो प्रकृति नाता जोड़ना होगा।लकवा ,कैंसर और अनेकों अनेक रोगों से बचना है ,तो पिज़्ज़ा बर्गर छोड़ना होगा।।” प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने, जंक फूड से दूरी बनाने तथा स्वस्थ रहने का संदेश दिया, जिसने सभी का मन मोह लिया। मुख्य फूड सेफ्टी अधिकारी धर्मेंद्र नेहरा ने देशी खानपान अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। वहीं मंजू चौधरी ने भोजन से पहले हाथ धोने, भोजन को ढककर रखने, खाना पकाते समय अप्रैल पहनना, सदैव संतुलित भोजन का उपभोग करना और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में उपप्राचार्य हाकिम अली खान, व्याख्याता राजेश चौधरी, मुकेश कड़वा, मुकेश गावड़िया, नेमाराम ढाका, सुमन चौधरी, मंजू कुमावत, जाकिर खान सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली और सुरक्षित खानपान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। अंत में मुख्य फूड सेफ्टी अधिकारी धर्मेंद्र नेहरा ने मिलावट की जांच करने संबंधी एक पुस्तिका छात्रों में वितरित की तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।नेहरा ने जंक फूड न खाने की शपथ सभी छात्रों स्टाफ सदस्यों को दिलाई।
Quick News News as quick as it happens