
चितावा।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चितावा में माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राजस्थान सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में पर्यावरण जागरूकता रैली एवं प्रभात फेरी का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर से प्रभात फेरी के माध्यम से की गई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित तख्तियां एवं पोस्टर लेकर “पर्यावरण बचाओ, भविष्य बचाओ”, “हरियाली है तो खुशहाली है”, “जल है तो कल है” जैसे प्रेरक नारे लगाए, जिससे ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश गया।

इस आयोजन का सफल संचालन प्राचार्य एवं पीईईओ श्री संजय कुमार मोहनपुरिया के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि रैली प्रभारी श्रीमती सूर्यरेखा पारिक के नेतृत्व में समस्त गतिविधियाँ सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुईं। कार्यक्रम में भगवानाराम, ओम प्रकाश, विमला देवी यादव, रेशमा देवी, प्रदीप दीक्षित, घनश्याम, रचना जी, मीनू जी, मंजुला शर्मा, सुरेंद्र कुमार जांगिड़, तेजू देवी, मधुबाला एवं अशोक कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राचार्य श्री संजय कुमार मोहनपुरिया ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान सरकार के पिछले दो वर्षों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण एवं विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण अभियानों को सफल बनाने में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अधिकाधिक वृक्षारोपण करें, जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने, स्वच्छता बनाए रखने एवं हरित राजस्थान के निर्माण की शपथ दिलाई गई। विद्यालय परिवार की ओर से इस सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।
Quick News News as quick as it happens