Sunday , 12 July 2026

कुचामन के जिला अस्पताल में रोगियों को एक क्विंटल फल वितरण कर विद्यार्थियों ने बांटी मानवता की मिठास

स्टेशन रोड स्थित पीएम श्री जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुचामनसिटी में चल रहे समाजसेवा एवं अभिरुचि शिविर के 11वें दिन विद्यार्थियों ने राजकीय जिला चिकित्सालय, कुचामन सिटी का शैक्षिक एवं सेवा भाव से ओतप्रोत दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा तथा मानव सेवा के वास्तविक स्वरूप को अनुभव किया।इस अवसर पर नारायणपुरा स्कूल की पूर्व व्याख्याता प्रेमलता चौधरी के सहयोग से विद्यार्थियों द्वारा एक क्विंटल (100 किलो) केले मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल स्टाफ को वितरित किए गए। साथ ही प्रेमलता चौधरी की ओर से विद्यालय के 80 छात्र-छात्राओं को भी फल वितरित किए गए। फल वितरण कार्यक्रम नर्सिंग अधीक्षक राधेश्याम कांसोटिया के निर्देशन में संपन्न हुआ।


कार्यक्रम के दौरान राजकीय जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ढाका विद्यार्थियों के साथ रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की इस प्रेरणादायी पहल को अविस्मरणीय एवं अनुकरणीय बताते हुए कहा कि समाज और मानवता की सेवा की नींव विद्यार्थी जीवन से ही पड़ती है। जब छात्र-छात्राएं छोटे-छोटे कार्यों से लोगों की सहायता करना प्रारंभ करते हैं, तभी उनमें सच्चे नागरिक बनने के संस्कार विकसित होते हैं। डॉ. ढाका ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में नशे जैसी बुराइयों एवं अंधविश्वासों से दूर रहने की प्रेरणा दी तथा कहा कि किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर बिना झिझक चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुचामन के जिला अस्पताल में सभी आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हैं।


इस दौरान राधेश्याम कांसोटिया एवं नावां के राजकीय बीएससी नर्सिंग कॉलेज के व्याख्याता लालाराम रणवा ने विद्यार्थियों को चिकित्सा व्यवस्था एवं अस्पताल संचालन की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने महिला, पुरुष, सर्जरी, नेत्र, ट्रॉमा सेंटर सहित लगभग 10 वार्डों में जाकर फल वितरित किए। फल पाकर मरीजों एवं उनके परिजनों ने विद्यार्थियों को हृदय की गहराइयों से आशीर्वाद दिया।शिविर प्रभारी डॉ. भंवरलाल गुगड़ ने बताया कि 15 दिवसीय शिविर के अंतर्गत प्रतिदिन विद्यार्थियों में मानवता, सेवा, परहित एवं परमार्थ की भावना विकसित करने हेतु नवाचार किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों द्वारा अब तक 10 से अधिक टैंकर पानी पेड़-पौधों को पिलाया जा चुका है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों पर जल वितरण, फल वितरण,पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी एवं जरूरतमंदों की सेवा जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इस अवसर पर शिविर प्रभारी डॉ.भंवर लाल गुगड़, प्रभारी दयाराम कलावत, प्रेमलता चौधरी, कमल राज सिंह बेड़ा, सह प्रभारी रामस्वरूप जाट सहित अस्पताल के अनेक कार्मिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे तथा सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

About Manoj Bhardwaj

Manoj Bhardwaj
मनोज भारद्धाज एक स्वतंत्र पत्रकार है ,जो समाचार, राजनीति, और विचार-शील लेखन के क्षेत्र में काम कर रहे है । इनका उद्देश्य समाज को जागरूक करना है और उन्हें उत्कृष्टता, सत्य, और न्याय के साथ जोड़ना है। इनकी विशेषज्ञता समाचार और राजनीति के क्षेत्र में है |

Check Also

महावीर इंटरनेशनल ने पेंशनर्स को वितरित की जीवन रक्षक किट

कुचामन सिटी, 10 जुलाई। महावीर इंटरनेशनल एपेक्स के 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित …