Friday , 22 May 2026

पुलिस थाना भ्रमण से विद्यार्थियों ने जाना कानून, सुरक्षा और सेवा का महत्व — समाज सेवा एवं अभिरुचि शिविर का पांचवां दिन रहा ज्ञानवर्धक

पीएम श्री जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुचामन सिटी में आयोजित समाज सेवा एवं अभिरुचि शिविर के पांचवें दिन गुरुवार को विद्यार्थियों ने श्रमदान के साथ-साथ अनेक ज्ञानवर्धक गतिविधियों में भाग लिया। दिन का प्रमुख आकर्षण कुचामन पुलिस थाने का शैक्षणिक भ्रमण रहा, जहां छात्र-छात्राओं ने पुलिस कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और कानून, सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।कार्यक्रम के दौरान पूर्णिमा यूनिवर्सिटी जयपुर की आर्किटेक्ट माही शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन में आर्किटेक्ट के महत्व, घर एवं कार्यालय की साज-सज्जा तथा वास्तुशिल्प की बारीकियों पर प्रेरक व्याख्यान दिया। इसके बाद शिविरार्थियों ने कुचामन पुलिस थाने में श्रमदान किया तथा थाने की संपूर्ण कार्यप्रणाली को समझा।


पुलिस थाना भ्रमण के दौरान कांस्टेबल कमला ने छात्राओं को महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार, अन्याय, गुड टच-बैड टच तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं साइबर डेस्क अधिकारी राजकुमार ने ऑनलाइन ठगी, फ्रॉड के तरीकों, उनसे बचाव के उपाय तथा हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल सूचना देने की प्रक्रिया समझाई।एएसआई शिवभगवान बिजारणिया ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि 18 वर्ष से पहले कोई वाहन नहीं चलाना चाहिए और न ही किसी को चलाने देना चाहिए। सड़क पर हमेशा बाईं ओर चलें, जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन धीमा करें तथा हेलमेट पहनकर स्वयं और दूसरों को जागरूक करें। उत्सुकतावश छात्र-छात्राओं ने बिजारणिया से कई सवाल पूछे , बिजारणिया ने सभी के उत्तर देखकर छात्रों की जिज्ञासा को शांत किया।


कांस्टेबल रामकिशोर ने विद्यार्थियों को रोज़नामचा, प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया, हिस्ट्रीशीटर रिकॉर्ड तथा पुलिस द्वारा उपयोग में लिए जाने वाले विभिन्न हथियारों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने मालखाने का अवलोकन किया तथा हवालात में बंद कैदियों को देखकर अपराध के दुष्परिणामों को करीब से समझा।थानाधिकारी सतपाल चौधरी के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को थाना जांच प्रक्रिया, शिकायत दर्ज कराने की प्रणाली और पुलिस सेवा की भूमिका समझाई। थाना परिसर में विद्यार्थियों का मुंह मीठा कराकर स्वागत भी किया गया।


इसके पश्चात ब्लॉक साक्षरता प्रभारी उमा सारस्वत ने छात्र-छात्राओं को मतदान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। वार्ताकार उमा सारस्वत ने छात्रों को आज का अल्पाहार अपनी ओर वितरित किया। इस अवसर पर एलडीसी से यूडीसी पद पर पदोन्नत होने वाली कुसुम बागड़ा का साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।


कार्यक्रम में शिविर प्रभारी डॉ. भंवरलाल गुगड़, रामस्वरूप चौधरी, रामस्वरूप जाट, नवरत्न बुनकर एवं दयाराम कलावत, राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता प्रकाश चंद्र टेलर सहित विद्यालय परिवार ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। शिविर प्रभारी डॉ. भंवरलाल गुगड़ ने बताया कि पुलिस थाने की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखकर विद्यार्थी बेहद उत्साहित नजर आए। विद्यार्थियों ने कहा कि समाज में लोग अक्सर पुलिस से अनावश्यक डरते हैं, जबकि पुलिस जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद और सेवा के लिए सदैव तत्पर रहती है। विद्यार्थियों ने यह भी संदेश दिया कि किसी भी प्रकार के अपराध, अन्याय या अत्याचार की स्थिति में तुरंत पुलिस पोर्टल या थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए और अन्याय को कभी सहन नहीं करना चाहिए।

About Manoj Bhardwaj

Manoj Bhardwaj
मनोज भारद्धाज एक स्वतंत्र पत्रकार है ,जो समाचार, राजनीति, और विचार-शील लेखन के क्षेत्र में काम कर रहे है । इनका उद्देश्य समाज को जागरूक करना है और उन्हें उत्कृष्टता, सत्य, और न्याय के साथ जोड़ना है। इनकी विशेषज्ञता समाचार और राजनीति के क्षेत्र में है |

Check Also

पूरे सम्मान के साथ दी स्व. राजीव गाँधी को श्रद्धांजलि

नगर कांग्रेस कमेटी एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में आज स्थानीय नेहरू बाल …