
गांव खाखड़की के वाल्मीकि परिवार की कमला की मृत्यु के बाद उसकी 20 दिनों की नवजात सहित 9 बेटियां बेसहारा हो गई। इन बच्चियों के पिता एवं दादा के बीमार रहने की वजह से इस परिवार को मदद की जरूरत है संबंधी सूचना जब कुचामन सिटी की सामाजिक संस्था लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट सेवा ट्रस्ट को मिली, तो संस्था ने क्लब के निदेशक लॉयन चन्द्रकुमार वर्मा के सौजन्य से मदद के लिए हाथ बढ़ाए। ट्रस्ट के अध्यक्ष लॉयन राम काबरा एवं पूर्व पार्षद गौरीशंकर शर्मा ने खाखड़की पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी एवं सहयोग के रूप में एक महीने की खाद्य सामग्री प्रदान की।

लॉयन राम काबरा ने बताया संकट के समय इंसान ही इंसान के काम आता है और यही मानवता है। इसी को महसूस करते हुए क्लब द्वारा वर्मा परिवार के सौजन्य से वाल्मीकि परिवार को हर माह 6 महीने तक खाद्य सामग्री का सहयोग किया जाएगा तथा इन बच्चियों की शिक्षा से सम्बंधित आवश्यकताओं में भी मदद करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। रामेश्वरलाल वाल्मीकि, बोदूराम वाल्मीकि, प्रभुराम बुगालिया सहित ग्रामीणों ने वर्मा परिवार एवं लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट सेवा ट्रस्ट का आभार जताया।
Quick News News as quick as it happens