
कुचामन सिटी।
आज दिनांक 25 सितम्बर 2025 को पीएम श्री राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुचामन सिटी में एक सराहनीय सामाजिक पहल के तहत विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य छगनलाल शर्मा द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री एवं अल्पाहार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर शर्मा ने विद्यालय के संदर्भ कक्ष में अध्ययनरत सभी दिव्यांग बालक-बालिकाओं को एक-एक पानी की बोतल, ज्योमेट्री बॉक्स तथा अल्पाहार वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मंजू चौधरी ने की। उन्होंने छगनलाल शर्मा के इस प्रेरणादायी कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज में इस प्रकार के सहयोग से न केवल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन होता है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण भी निर्मित होता है।

इस अवसर पर विद्यालय के संदर्भ व्यक्ति दयाराम, श्रीमती सुरज्ञान देवी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। यह आयोजन विद्यालय परिवार एवं समाज दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा।

इससे पूर्व विद्यालय द्वारा बच्चों की प्रतिमा को निखारने के लिए “कबाड़ से जुगाड़” प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। उक्त प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा बेकार की वस्तुएं जो की कबाड़ समझकर फेंक दी जाती है। उनसे बहुत ही सुंदर और उपयोगी सामान बनाए गए तथा नाम दिया गया “कबाड़ से जुगाड़” इस प्रदर्शनी का नगर परिषद स्टाफ और विद्यालय के पूर्व प्राचार्य श्री छगन जी शर्मा द्वारा अवलोकन किया गया तथा विद्यार्थियों की सभी मेहमानों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

प्राचार्य मंजू चौधरी के बारे में कहना उचित होगा कि मैडम खुद व्यक्तिगत रूप से रुचि लेकर विद्यार्थियों को इस तरह के कार्य कर प्रयोग करने की प्रेरणा देती है। कई विद्यार्थियों को मैडम द्वारा पुस्तकालय में बैठकर पढ़ाई करने की प्रेरणा भी दी जाती है और बच्चे पुस्तकालय में जाकर में खाली समय में पढ़ाई करते हैं।
Quick News News as quick as it happens