Saturday , 7 February 2026

दीया जलता रहा

दीया जलता रहा

मौन होकर एक दीया जलता रहा

राह पथरीली रही हर कदम पर, वो मगर आगे बढ़ा अपने दम पर।

नित हौसलों से मात दे अंधेरों को, जीत का था शंखनाद हर सितम पर।

ख्वाब मन में फिर भी मचलता रहा

मौन होकर एक दीया जलता रहा।

उसने हँस कर सह ली हर यातनाएँ, बांध ली जंजीर और सब वर्जनाएँ।

आह तक निकली नहीं सलवटों से, जीवन्त थी फिर भी सभी संभावनाएँ।

अपनों का परायापन उसे खलता रहा

मौन होकर एक दीया जलता रहा।

स्वप्न बस इतना कि एक मुस्कान दूँ, हिमालय सी श्वेत ऊर्ध्व पहचान दूँ।

भाल ऊँचा हो कि स्वर्ग सम्मुख रहे, तुझे तिमिर के पार ऊँची उड़ान दूँ।

छोड़ दो कि जो चला चलता रहा

मौन होकर एक दीया जलता रहा।

मेरे स्फुट उच्चारणों का विसर्ग हो, मैं धरा हूँ और तुम ही मेरा स्वर्ग हो।

उंगलियों की पोरों में हो जीवन मेरा, मुक्ति पथ हूँ व तुम मेरा अपवर्ग हो।

दीप ये दिनकर में अब बदलता रहा

जो एक दीया मौन हो जलता रहा।

यूँ ही हँसते खिलखिलाते रहना तुम, सजना मेरे जीवन सजाते रहना तुम।

खुद से यूँ तो कोई नहीं नाराजगी है, फिर भी हो गर तो मनाते रहना तुम।

आशाओं को ग्रहण कर चलता रहा

जो एक दीया मौन हो जलता रहा।

अब तेरे मेरे मध्य क्या उपहार हो, नभ से ऊँचा जलधि से गहन प्यार हो।

नित शहद सा मीठा रहे ये होना तेरा, तेरा मुझमें तुझमें मेरा संसार हो।

वो गिरता रहा वो ही संभलता रहा

जो एक दीया मौन हो जलता रहा।

About Manoj Bhardwaj

Manoj Bhardwaj
मनोज भारद्धाज एक स्वतंत्र पत्रकार है ,जो समाचार, राजनीति, और विचार-शील लेखन के क्षेत्र में काम कर रहे है । इनका उद्देश्य समाज को जागरूक करना है और उन्हें उत्कृष्टता, सत्य, और न्याय के साथ जोड़ना है। इनकी विशेषज्ञता समाचार और राजनीति के क्षेत्र में है |

Check Also

श्री कुचामन पुस्तकालय मनाएगा अपना शताब्दी वर्ष समारोह

कुचामन पुस्तकालय बसंत पंचमी के दिन अपने 100 बसंत देख लेगा, यानी 100 वर्ष पूर्ण …