Wednesday , 4 February 2026

जवाहर स्कुल में हुआ वार्षिकोत्सव सम्पन्न

पीएम श्री जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुचामन सिटी में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक उत्सव समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के राज्य राजस्व मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री भंवरलाल खोखर ने की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में संविधान कक्ष, व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशाला का लोकार्पण किया गया। साथ ही यूसीईओ क्षेत्र की छात्राओं को लाभान्वित करते हुए 187 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। विद्यालय को लगभग ₹50,000 की लागत से क्रय किए गए संगीत वाद्य यंत्र भी समर्पित किए गए।राज्य मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान निपुण मेले का उद्घाटन किया तथा विद्यालय परिसर में आयोजित मेगा पीटीएम का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का मुख्य उद्देश्य मन लगाकर पढ़ाई करना होना चाहिए, साथ ही खेलकूद एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी तथा निशुल्क साइकिल वितरण, स्कूटी वितरण, गार्गी, पालनहार सहित अनेक योजनाओं का लाभ छात्र-छात्राओं को अवश्य लेना चाहिए।


इस अवसर पर विद्यालय की पुरानी इमारत के निर्माण में योगदान देने वाले भामाशाह स्वर्गीय सदासुख काबरा के पड़पौत्र श्री निशांत काबरा द्वारा विद्यालय के इतिहास में “श्रीकृष्ण काबरा स्मृति एक्सीलेंस अवॉर्ड” की शुरुआत की गई। इसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ष कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र एवं छात्रा को ₹5,000-₹5,000 की राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए यह सम्मान छात्रा वर्ग में पूनम कुमावत को प्रदान किया गया वहीं छात्र वर्ग में कार्तिक कुमार, भूपेंद्र एवं जीशान को भी ₹5,000-₹5,000 के चेक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।


श्री निशांत काबरा ने कहा कि शिक्षा की जो ज्योत उनके पड़दादाजी ने जलाई थी, उसे आगे भी निरंतर प्रज्वलित रखा जाएगा। राज्य मंत्री ने विद्यालय परिसर स्थित किचन गार्डन में जल व्यवस्था हेतु ट्यूबवेल खुदवाने की स्वीकृति प्रदान की और शीघ्र कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवरलाल खोखर ने कहा कि प्राचीन समय में विद्यालयों का निर्माण एवं संचालन भामाशाहों के सहयोग से ही संभव हो पाता था और आज भी उनका सहयोग शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों से कठोर परिश्रम कर समाज के उपयोगी नागरिक बनने का आह्वान किया।


विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने वार्षिक प्रतिवेदन एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही शैक्षिक योजनाओं पर प्रकाश डाला। उप-प्रधानाचार्य डॉ. भंवरलाल गुगड़ ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने हेतु संचालित गतिविधियों एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा की जानकारी दी। कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश काबरा ने विद्यालय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सहयोग का आश्वासन दिया तथा विभिन्न भामाशाहों को जोड़कर संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही।


कार्यक्रम के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो केवल एक दस्तावेज नहीं बल्कि राष्ट्र की आत्मा है। संविधान कक्ष के माध्यम से छात्र संविधान निर्माण, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकेंगे।
इस अवसर पर भामाशाह शशिकांत काबरा, निशांत काबरा, संध्या काबरा, श्रद्धा काबरा , सुधा मुंदड़ा ,श्रीकांत काबरा, मदनलाल भींचर ,गणपतलाल मोहनपुरिया, रामनिवास साहू , छगनलाल शर्मा, अयूब शेख, अमित रूलानिया, आशु लाल जांगिड़, विमल पारिक, बाबूलाल जांगिड़, जीवन सिंह राठौड़ सहित अनेक अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About Manoj Bhardwaj

Manoj Bhardwaj
मनोज भारद्धाज एक स्वतंत्र पत्रकार है ,जो समाचार, राजनीति, और विचार-शील लेखन के क्षेत्र में काम कर रहे है । इनका उद्देश्य समाज को जागरूक करना है और उन्हें उत्कृष्टता, सत्य, और न्याय के साथ जोड़ना है। इनकी विशेषज्ञता समाचार और राजनीति के क्षेत्र में है |

Check Also

महावीर इंटरनेशनल कुचामन को रीजन 3 में सर्वश्रेष्ठ केन्द्र के रूप में किया सम्मानित

महावीर इंटरनेशनल संस्था का रीजन 3 की रीजनल काउंसलिंग का आयोजन विजयनगर कृषि मण्डी जैनीबाई …