भगत सिंह सर्किल पर सैकड़ों युवाओं ने दी श्रद्धांजलि, प्रदेश अध्यक्ष परसाराम बुगालिया बोले — शहीदों के आदर्शों पर चलना ही सच्ची देशभक्ति

कुचामन सिटी :- अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीद दिवस के अवसर पर सोमवार को कुचामन सिटी के भगत सिंह सर्किल, पांचवा रोड पर भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के नेतृत्व में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवा, समाजसेवी और आमजन शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई। “इंकलाब जिंदाबाद” और “शहीदों अमर रहो” जैसे जोशीले नारों से पूरा माहौल गूंज उठा, जिससे उपस्थित हर व्यक्ति में देशभक्ति का जज्बा साफ दिखाई दिया।

इस अवसर पर भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष परसाराम बुगालिया ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान केवल इतिहास का अध्याय नहीं बल्कि हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आज़ादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज के युवाओं का कर्तव्य है कि वे उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को जागरूक होकर सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, तभी शहीदों के बलिदान का सही सम्मान हो सकेगा कार्यक्रम में उपस्थित मुनाराम महला, कमलकांत डोडवाडिया, एलबीएस स्कूल के निदेशक रामदेव खिचड़, पार्षद सुभाष पावड़िया, अजय-विजय चौधरी सहीत कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कहा कि शहीदों का बलिदान हमें एकजुट होकर देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में भाईचारा, एकता और देशभक्ति का संदेश फैलाना चाहिए। युवा शक्ति अगर सही दिशा में आगे बढ़े, तो देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस दौरान परसाराम बुगालिया, मुनाराम महला,कमलकांत डोडवाडिया, लादुराम डोडवाङिया, एलबीएस स्कूल संचालक रामदेव खीचड़, सुभाष पावड़िया, रणजीत पोषक, रामनिवास पोषक, ओमप्रकाश बिजारणिया, अर्जुन कड़वा, अजय चौधरी ,विजय चौधरी, पीयूष योगी, विद्या आश्रम के संचालक पूरण जाखड़, हीराराम महला, अर्जुन पोषक, पिंटू पोषक, झूताराम गुर्जर, जगदीश बिजारणिया, कानाराम बोचलिया, झूमर मल बिजारनिया,बीरमा राम बांगड़वा और भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Quick News News as quick as it happens